संवाद न्यूज एजेंसी
राजौद। नगर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की जगह कॉलेज के लिए 10वें दिन रविवार को धरना जारी रहा। वहीं सीवरेज हटाओ कॉलेज बनाओ समिति राजौंद ने असंध रोड धरना स्थल से रोहेड़ा मोड तक रोष यात्रा निकाल कर नारेबाजी की।
किसान यूनियन जिला प्रधान महावीर चहल व काॅलेज बनाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि जहां ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है, वहां पर काॅलेज बनाया जाए तो वह लड़कियों के लिए काफी फायदेमंद होगा। यह स्थान सरकारी बस अड्डे के पास होने के कारण विद्यार्थियों के पढ़ने और कॉलेज जाने वाली बेटियों के लिए सुरक्षित स्थान है।
जींद रोड पर जहां सरकारी कॉलेज बनाने के लिए जगह ली गई है, वह स्थान राजौंद से काफी दूर पड़ता है। वहां के लिए आने-जाने का कोई साधन नहीं है। उस स्थान पर कॉलेज नहीं बनाया जाना चाहिए। संघर्ष समिति सदस्यों ने कहा कि इस समय वह लोकतांत्रिक ढंग से सरकार को ज्ञापन मांगपत्र सौंपा है।
मांग की कि राजौंद के असंध मार्ग पर ट्रीटमेंट प्लांट की जगह सरकारी कॉलेज बनाया जाए, यदि उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया तो भविष्य में ठोस कदम उठाएंगे। इस मौके पर राकेश राणा, भीम शर्मा, महिपाल राणा, अरविंद शर्मा , बिंदा, उदयवीर राणा, नरेंद्र प्रजापति, जयपाल राणा, सतविंद्र उर्फ काका राणा, तेजपाल, अंकुश राणा, पवन, कर्ण वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।