कैथल। श्री खाटू श्याम एवं सालासर सेवा समिति की ओर से रविवार को सेक्टर 20 में 38वां निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इस शिविर में डॉ. पवन थरेजा और डॉक्टर डीपी कंसल ने 125 लोगों का शुगर, बीपी और वजन की जांच की। डॉ. पवन ने बताया कि समिति की ओर से हर 15 दिन में आयोजित किया जाने वाला यह निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर समाज सेवा का एक सराहनीय प्रयास है।
डॉ. डीपी कंसल ने भी इसे समाज सेवा की महान पहल बताते हुए कहा कि समाज सेवा से बढकऱ कोई सेवा नहीं होती। शिविर में मुख्य अतिथि के अधिवक्ता विकास गर्ग पहुंचे। सदस्य सन्नी शर्मा और सोमनाथ ने उन्हें पटका पहनाकर सम्मानित किया जबकि चिराग बंसल ने स्मृति चिन्ह भेंट किया।
विकास गर्ग ने अपने संबोधन में समिति को इस नेक कार्य के लिए आमंत्रित करने पर धन्यवाद दिया और घोषणा की कि शिविर का पूरा खर्च विकास मेडिकोस द्वारा वहन किया जाएगा। सदस्य जुगल किशोर और महेंद्र सरेडिया ने बताया कि समिति का 40वां निशुल्क संकीर्तन 24 फरवरी को अमरगढ़ गामड़ी में सतीश बजाज के घर आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा प्रधान मनोज सिंगला ने बताया कि श्री खाटू श्याम एवं सालासर सेवा समिति व हुड्डा वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सेक्टर 20 स्थित पार्क के निकट 26 फरवरी को जमुनापुरी महाराज और समाजसेवी गौतम अग्रवाल की उपस्थिति में वाटर कूलर का उद्घाटन किया जाएगा। इस मौके पर पंकज मित्तल, बाबूराम मंगला, प्रवीण मंगला, राम कैलाश गोयल, भीमसेन वाधवा सहित शहर की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं।