कार्यक्रम में बच्चों को जागरूक करते हुए मुख्यावक्ता।
पूंडरी। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी में मेंटरिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राध्यापक विनेश कुमार वालिया, डॉ. वंदना एवं डॉ. निधि ने संसाधन व्यक्ति के रूप में भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, अंतरिक्ष एवं विज्ञान में उभरते रुझान जैसे विषयों पर जानकारी प्रदान की।
इस दौरान चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय, पूंडरी को मेंटरिंग संस्था के रूप में जोड़ा गया। इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को नवीन तकनीकों एवं वैज्ञानिक सोच के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु पोस्टर मेकिंग, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें कई विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा 10वीं की कुमारी लता यादव ने पोस्टर मेकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया, कक्षा 12वीं की कुमारी यशिका ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया तथा टीम एटलस ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की अध्यापिकाओं में कुमारी निधि, स्वीटी , विंकल, अनु, कुसम,रजनीश, किरण, मेवा सिंह व अशोक का कार्यक्रम में सक्रिय योगदान रहा । संवाद