अपनी बहन की ससुराल जींद गए मानसिक रूप से परेशान टीटू डेढ़ साल बाद श्रद्धा के प्रयासों से वीरवार को अपने घर पहुंचा तो परिजनों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। संस्था के सदस्य जींद से कैथल तक पूछताछ करते हुए उसके घर पहुंचे और उसे परिजनों के हवाले कर दिया।
टीटू को कैथल लेकर पहुंची मुंबई की बोरेवेली में समाज सेवी संस्था श्रद्धा की सोशल वर्कर पूजा व सिकंदर अली ने बताया कि सूरत की समाज सेवी संस्था ने एक माह पूर्व टीटू को श्रद्धा के पास भेजा था। श्रद्धा लापता लोगों को उनके परिजनों तक पहुंचाने का काम करती है। टीटू चूंकि मानसिक रूप से परेशान था। इसलिए उसका इलाज करवाया गया। उसकी काउंसलिंग में उसने जींद व पटियाला का नाम लिया। वे उसकी इस सूचना के बाद वीरवार सुबह उसे लेकर जींद पहुंचे। जहां पटियाला चौक पर पहुंच कर उसके घर की तलाश की। वहां की पुलिस से भी कोई सहयोग नहीं मिला। इसी बीच उसने कैथल व रजनी कालोनी का जिक्र किया। जिस पर वे कैथल की रजनी कालोनी पहुंचे तो टीटू के भाई नवीन के दोस्त ने उसे पहचान लिया। इस तरह से वे उसके परिजनों तक पहुंचे।
उधर, टीटू के चचेरे भाई मोहित ने बताया कि टीटू मानसिक रूप से परेशान है। करीब 30 वर्षीय टीटू डेढ़ साल पहले जींद से लापता हुआ था। उसकी काफी तलाश की थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। वीरवार को मुंबई की एनजीओ सदस्य उसे लेकर यहां पहुंचे तो सभी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। टीटू के भाई नवीन व पिता जगदीश गोयल ने श्रद्धा संस्था का आभार जताया और कहा कि उनकी वजह से उनका भाई टीटू उन्हें मिला है।