संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका/कैथल। बिजली निगम की टीम ने बुधवार को तारावाली गांव में दबिश देकर तीन घरों में बिजली चोरी पकड़ी। विभागीय अफसरों का कहना है कि पकड़े गए तीनों लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
निगम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ घर बिजली चोरी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर दबिश दे निगम की टीम ने वजीर, पम्मी देवी और सतपाल के घरों में छापेमारी की। तीनों ने बिजली के पोल से सीधे अंडरग्राउंड तार बिछाकर अपने घरों में कनेक्शन ले रखा था। जांच में पता चला कि यह चोरी पिछले एक साल से चल रही थी।
गुहला बिजली निगम के एसडीओ राहुल यादव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में टीम ने सभी साक्ष्य जुटाए। तीनों घरों की बिजली आपूर्ति तत्काल काट दी गई है। एसडीओ यादव ने बताया कि इस तरह की चोरी से बिजली निगम को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी।
एसडीओ ने बताया कि तीनों घरों के मालिकों पर विभागीय नियमों के तहत जुर्माना लगाया जाएगा और यदि दोबारा इस तरह की घटना दोहराई गई, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।