कैथल। सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस को दी पहली शिकायत में सेक्टर 20 निवासी अरुण सिंगला ने बताया कि उसकी अंबाला रोड पर सबमर्सिबल के सामान की दुकान है। 28 जुलाई को वह उसके दादा सुलेखनचंद दवाई लेने के लिए अपने घर से स्कूटी पर निकले। वह भी उसकी स्कूटी पर उसके दादा के पीछे-पीछे चल रहा था। जब सुबह नौ बजे कम्यूनिटी सेक्टर 20 के पास पहुंचे तो एक गाड़ी चालक ने उसकी दादा की स्कूटी को टक्कर मार दी। उसका दादा स्कूटी से गिरने के कारण घायल हो गया। अज्ञात गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। दादा को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उनका इलाज चल रहा है।
एक अन्य मामले में वार्ड नंबर नौ चीका निवासी कुलवंत सिंह ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। पिछले कई दिनों से वह चीका के वार्ड नंबर पांच निवासी रोहित के साथ चिप्स व नमकीन की सप्लाई देने के लिए उसके ऑटो पर जाता था। 29 जुलाई को सुबह साढ़े 10 बजे वह व रोहित चीका से कांगथली ऑटों में जा रहे थे। ऑटो रोहित चला रहा था। चीका से कांगथली की तरफ आ रहे ट्रक चालक ने उनकी ऑटो को टक्कर मार दी। जिससे उनका ऑटो पलट गया। ऑटो पलटने से उसे व रोहित को चोट लगी। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।