संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत नगराधीश गुरविंद्र सिंह ने सोमवार को शहर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान अव्यवस्था और गंदगी मिलने पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, खेल विभाग और बीडीपीओ कार्यालय के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
सीटीएम गुरविंद्र सिंह ने बताया कि शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय के निरीक्षण में बेसमेंट में पानी भरा हुआ मिला। जिला खेल अधिकारी कार्यालय में मलबा और बंद शौचालय पाए गए। जिला खेल अधिकारी को तुरंत मलबा हटाने और शौचालयों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह बीडीपीओ कार्यालय में घास और अन्य अव्यवस्थाएं मिलने पर नोटिस जारी किया गया। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां अनावश्यक रूप से उगी घास हटाने के आदेश दिए गए। वहीं, लोक निर्माण सदन का मलबा साफ करने के निर्देश जारी किए गए। कहा कि सभी को सफाई का ध्यान रखना चाहिए।
शुगर मिल और नगर पालिका में भी चला अभियान
शुगर मिल परिसर में एमडी शुगर कृष्ण कुमार की अगुवाई में स्वच्छता अभियान चलाया गया। परिसर में सफाई की गई। इसी प्रकार कलायत नगर पालिका में भी पालिका भवन में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उपायुक्त ने विभागाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता पर समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्यस्थल की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें और जिम्मेदारी निभाएं। किसी भी विभाग का निरीक्षण कभी भी किया जा सकता है।