फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: अफीम, गांजा और हेरोइन के साथ तीन नशा तस्कर काबू

Tue, 23 Jun 2026 11:52 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। एंटी नारकोटिक सेल तथा सीआईए-1 पुलिस की टीमों ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 किलो 596 ग्राम अफीम, 21 किलो 615 ग्राम गांजा फूल-पत्ती तथा 57 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने तीनों मामलों में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री की फिराक में थे, लेकिन समय रहते घेराबंदी कर उन्हें काबू कर लिया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा उनसे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पहले मामले में पीएसआई सुनील कुमार की टीम शाम के समय गश्त के दौरान गांव खुराना क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव दौलतपुर, जिला पटियाला (पंजाब) निवासी तथा वर्तमान में गांव गदली, कैथल में रह रहा सुनील गिर लंबे समय से अफीम बेचने का काम करता है। वह अफीम लेकर डोहर-खुराना मार्ग से कैथल की ओर आने वाला था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कैथल-कवारतन सड़क पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद कवारतन की ओर से पैदल आ रहा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सुनील गिर के रूप में हुई। तलाशी में सुनील के कब्जे में मौजूद एक पिट्ठू बैग से 2 किलो 596 ग्राम अफीम बरामद हुई।

पॉलिथीन से 57 ग्राम हेरोइन बरामद
डीएसपी ने बताया कि दूसरे मामले में एएसआई जसमेर सिंह और एसआई शुभकर्ण की टीम गश्त के दौरान भागल क्षेत्र में मौजूद थी। सूचना पर पुलिस टीम ने बिजली पावर हाउस भागल के पास दबिश देकर अशोक कुमार निवासी कलर माजरा को काबू किया। पुलिस की सूचना पर नायब तहसीलदार मीनू कौशिक भी मौके पर पहुंचीं। उनकी मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान कब्जे से एक पॉलिथीन में 57 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

21 किलो 615 ग्राम गांजा फूल-पत्ती पकड़ी
तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल के एएसआई जगभान की टीम सायंकालीन गश्त के दौरान देवीगढ़ चौक, कैथल में मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बलराज नगर निवासी विकास कुमार गांजा फूल-पत्ती बेचने का धंधा करता है और वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर पुराने बाईपास की ओर ग्राहकों को गांजा बेचने जाने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लाला लेखराज मार्ग स्थित बिजली घर के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद बलराज नगर की ओर से आ रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोककर चालक को काबू कर लिया गया।
पूछताछ में उसकी पहचान विकास कुमार निवासी बलराज नगर, कैथल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से 21 किलो 615 ग्राम गांजा फूल-पत्ती बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फर्श के नीचे टंकी में रखा था 400 लीटर लाहन
कैथल। थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर गीता की अगुवाई में डेरा गरजा सिंह में चेकिंग अभियान चलाया गया। डेरा गरजा सिंह में पुलिस ने 400 लीटर लाहन बरामद किया। आरोपी अमरिक उर्फ जोनी ने उसे फर्श के नीचे दबी टंकी में रखा था।
विज्ञापन

पुलिस अपने नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत लगातार विशेष कॉम्बिंग एवं चेकिंग अभियान चला रही है। इसी के तहत जांच के दौरान पुलिस टीमों ने इलाके में गहन तलाशी लेते हुए अवैध मादक पदार्थ, शराब और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। इसके अलावा दो घरों में फर्श के नीचे दबाई गई तीन प्लास्टिक टंकियों को भी नष्ट किया गया। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें