संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में एक ही दिन में अलग-अलग हुए तीन सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई वहीं एक युवक घायल हो गया। दुर्घटनाओं में मरने वालों में हलवाई, अधिवक्ता और एक बुजुर्ग शामिल हैं।
हादसों की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
हादसा-1 ः टीक गांव के पास एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ कार में बैठा दूसरा युवक घायल हो गया।
दोनों सीवन से कुरुक्षेत्र रोड से होकर गांव पबनावा जा रहे थे। वे टीक गांव के पास फ्लाइओवर पर पहुंचे तभी ट्रक चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी कार को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान सीवन निवासी कर्मवीर (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक-कार की टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं ट्रक के भी अगले पहिए टूट गए। हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। गांव टीक के पास फ्लाईओवर पर ट्रक ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए कार को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां पर डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज किया जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि कर्मवीर हलवाई का काम करता था और अपने दूसरे हलवाई साथी के साथ पबनावा जा रहा था। पुलिस ने इस संबंध में परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और अपने बयान दर्ज करवाए। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि कर्मवीर की शादी हो चुकी है। पत्नी के अलावा उसके दो बच्चे हैं। सदर थाना एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।
हादसा-2 ः चंडीगढ़-हिसार राजमार्ग पर सहारण गांव के पास कार की टक्कर से पुलिसकर्मी के पिता धर्मपाल (उम्र 70) की मौत सड़क हादसे में हो गई। वह अपने बेटे के साथ गांव सहारण जा रहे थे, तभी पीछे से आई एक अज्ञात सफेद कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में धर्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें कैथल के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
हादसा-3 ः जिला कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ता राजेश कुमार को तेज रफ्तार बाइक सवार ने लघु सचिवालय के पास टक्कर मार दी। वे इस दौरान कोर्ट से अपने घर लौट रहे थे। हादसे में राजेश घायल हो गए और उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान सिर चोटों पर चोट की वजह से उनकी मौत हो गई। राजेश के परिवार में उनकी पत्नी और एक बच्चा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि बाइक का नंबर मिल गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।