कैथल। वाहन में तीन गोवंश को क्रूरतापूर्वक ठूंसकर ले जा रहे आरोपी अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के गांव धनसिंहपुर निवासी हरदेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन से तीनों गोवंश को मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि गांव बड़सीकरी निवासी बलविंद्र सिंह ने शिकायत दी कि 9 जुलाई को उन्हें सूचना मिली थी कि खनौरी की ओर से एक वाहन में गोवंश भरकर जम्मू-कटरा-दिल्ली हाईवे के रास्ते यूपी ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर उन्होंने राजौंद थाना क्षेत्र में हाईवे पर वाहन को रोक लिया। वाहन की जांच करने पर उसमें तीन गोवंश को ठूंस-ठूंसकर क्रूरता से भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने तीनों गोवंश को वाहन से मुक्त कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।