संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले के गांव किठाना में चोर एक दुकान से सामान लेने के बहाने तीन लाख रुपए चोरी करके ले गए। उन्होंने सामान लेने के लिए दुकानदार को 500 रुपए दे दिए। जैसे ही दुकानदार बकाया पैसे देने लगा तो उन्होंने गल्ले में रखे रुपये देख लिए। बाद में अन्य सामान लेने का बहाना बनाया, जो साथ लगती दुकान में रखा था। जैसे ही दुकानदार अपनी दूसरी दुकान में गया, तो दोनों गल्ले से रुपये लेकर भाग गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दुकानदार योगिंद्र ने राजौंद थाना में दी शिकायत में बताया कि उनकी महादेव सीमेंट स्टोर के नाम से गांव किठाना में रोहेड़ा रोड चौक के पास जींद से कैथल रोड पर दुकान है। दुकान का काम उसके पिता दलीप सिंह देखते हैं। 28 सितंबर को उसके पिता बाहर गए हुए थे और दोपहर करीब सवा दो बजे वह दुकान पर बैठा हुआ था। तभी एक बाइक पर दो युवक वहां आए और कहा कि उन्हें एक स्लोचन चाहिए। उसने सामान लेकर 500 रुपये दे दिए, तो उसने 60 रुपये काट कर बकाया रुपये उन्हें दे दिए। बकाया पैसे देते समय युवकों ने उसकी दुकान का गल्ला देख लिया, जिसमें पैसे रखे हुए थे। तभी दूसरा युवक बोला कि उन्हें रिंग के बंडल भी चाहिए हैं। वह सामान उनकी दूसरी दुकान पर था। दुकान से सामान लेने के लिए गया, तो सभी दोनों युवक अचानक से बाइक पर सवार होकर भाग गए। उसने दुकान का गल्ला चेक किया, तो तीन लाख रुपए नहीं मिले। राजौंद थाना के जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।