कैथल। राजौंद में होली के दिन हुए दो समुदायों में विवाद के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि राजौंद निवासी सागर की शिकायत पर इस संबंध में केस दर्ज किया गया था। जिसमें उसने बताया था कि 18 मार्च को शाम के समय वह व उसका भाई संदीप मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने खेत खेड़ी रायवाली से अपने गांव राजौंद आ रहे थे। इसी बीच रास्ते में 20/25 व्यक्तियों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर उसके भाई संदीप पर डंडों व गंडासियों से हमला करके घायल कर दिया।
इसी वक्त मौके पर पहुंचे उसके चचेरे भाई जोगिंद्र व रवि को भी हमला करके घायल कर दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। तीनों घायलों को सरकारी अस्पताल कैथल में दाखिल करवाया गया, जहां से तीनों पीड़ितों को ज्यादा चोट होने के कारण पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। जिस पर थाना राजौंद पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने राजौंद निवासी आरोपी मुंशी, रवि व विक्रम उर्फ बोना को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर रही है।