माई सिटी रिपोर्टर
कैथल। गत 6 मई को गांव मंडवाल क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक से नकदी छीनने के मामले में पुलिस ने तीन को आरोपयिों को गिरफ्तार करके चोरीशुदा बाइक सहित छीनी गई नकदी बरामद की है। पकड़े गए मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले ही शस्त्र अधिनियम व चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया है। शेष दोनों आरोपी अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि तुलसी एचपी गैस सर्विस राजौंद में नौकरी करने वाले गंगा राम निवासी फरीयाबाद की शिकायत अनुसार 6 मई को वह ट्रैक्टर ट्राली में मंडवाल से गैस सिलिंडरों की डिलीवरी करके गांव कुकरकंडा की ओर जा रहा था। इसी बीच एक बाइक पर आए दो अज्ञात युवक उसका बैग झपटकर मंडवाल की तरफ भाग गए। गंगा राम ने बताया कि बैग में 33 हजार रुपये नकदी थी। एसपी ने बताया अभियोग की जांच सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर अमित की टीम द्वारा आरोपी प्रदीप उर्फ दीपु, लखविंद्र सिंह उर्फ लक्की तथा इंद्रजीत सिंह उर्फ सागर तीनों निवासी मंडवाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान तीनों आरोपियों के कब्जे से झपटी गई 20 हजार रुपये नकदी तथा कुछ दिन पूर्व उनके द्वारा असंध क्षेत्र से चुराई गई एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। इस मध्य आरोपी शेष नकदी खर्च कर चुके थे। तीनों ने सागर के घर सुबह के समय शराब पीते हुए उपरोक्त वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। वारदात के समय वे तीनों एक साथ थे, लेकिन सागर को बाइक से कुछ दूरी पर उतार दिया था।
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी लखविंद्र को सीआईए-1 पुलिस द्वारा 12 दिसंबर 2017 को कैथल रोड सहारण से अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया गया था। इसके अतिरिक्त 17 जुलाई 2018 को आरोपी द्वारा अपने गांव मंडवाल में रात के समय अपने एक अन्य साथी सहित एक मकान में घुसकर महिला के सोना जेवर चोरी मामले में भी गिरफ्तार किया जा चुका है। जमानत मिलने के बाद वह महाराष्ट्र में दिहाड़ी मजदूरी करके पुलिस से छिपते हुए भूमिगत चल रहा था।