संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में दोपहिया वाहन चोरी के दो मामलों में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दुब्बल गांव निवासी निवेश की शिकायत पर थाना कलायत में दर्ज मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में एचसी सुनील कुमार व एचसी लखविंद्र शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस ने कलायत निवासी पिंकू और रैंपल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली गई।
वहीं, दूसरे मामले में थाना चीका पुलिस के एचसी पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने मलिकपुर निवासी सलीम को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया।
हरिगढ़ किंगन निवासी शमशेर ने शिकायत दी थी कि 2 अगस्त को चिरंजीवी अस्पताल, चीका के पास से उसकी बाइक अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। शमशेर और उसके दोस्त ने पीछा किया तो अनाज मंडी चीका के पास चोर की बाइक फिसल गई और वह गिर गया। मौके पर ही उसकी पहचान सलीम के रूप में हुई।
थाना चीका में मामला दर्ज कर आरोपी से चोरीशुदा बाइक भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।