कैथल। थाना सदर कैथल पुलिस ने गांव मानस में हुए जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान गांव मानस निवासी रोहित, चेतन और राजेश उर्फ गोलू के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि गांव मानस निवासी अंकुश की शिकायत अनुसार 4 मार्च को फाग के अवसर पर वह अपने साथी विक्की और सुनील के साथ कार में गांव मानस स्थित अपने घर जा रहा था।
जब वे गांव के पंचायत घर के समीप पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने मोटरसाइकिल लगाकर उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने गाड़ी निकालने का प्रयास किया लेकिन आरोपियों ने मोटरसाइकिल गाड़ी के आगे लगा दी। इसके बाद आरोपी अपने घरों से गंडासी, डंडे व अन्य हथियार लेकर आए और शिकायतकर्ता और उसके साथियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता अंकुश के सिर पर गंडासी से वार किए जिससे उसके जबड़े, नाक और आंख के आसपास गंभीर चोटें आईं। हमले में वह मौके पर ही बेहोश हो गया। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से भाग गए।
गांव के ही एक व्यक्ति की ओर से उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। इस बारे में थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया है। सभी आरोपी न्यायालय में पेश किए जाएंगे, जिनसे पूछताछ की जा रही है।