भारतीय जनता पार्टी के नेता पाला राम सैनी को शुक्रवार सुबह दो नकाबपोश युवकों ने पिस्तौल दिखाते हुए सारी गोलियां शरीर में उतारने की धमकी दी और फरार हो गए। चंदाना गेट पर रामलीला मैदान के पीछे की सड़क पर इस वारदात को अंजाम दिया। बाद में सूचना मिलते ही एसएचओ सिटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
पाला राम सैनी ने पुलिस को बताया कि वे शुक्रवार को हर रोज की तरह अपने स्कूल मून लाइट से चंदाना गेट स्थित धर्मशाला की ओर गए थे। जब वहां से वापिस आ रहे थे तो दो युवकों ने उनकी गाड़ी रुकवाई। जब उनसे बातचीत की तो बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों में से पीछे बैठे युवक ने जेब से पिस्तौल निकालते हुए कहा कि तुम गोरां खेड़ी निवासी एक व्यक्ति से पंगा ना लो। अन्यथा ये सारी गोलियां तुम्हारे शरीर के अंदर उतार दूंगा। वे इतना कहते ही फरार हो गए। इस सूचना के मिलते ही एसएचओ प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पाला राम के बयान दर्ज किए और जिस व्यक्ति का नाम पाला राम सैनी ले रहे थे, उस व्यक्ति के पास भी पुलिस टीम को भेजा। पाला राम ने कहा कि जमीन के एक मामले में उसे वीरवार को ही धमकी दी थी। इस कारण पूरी आशंका है कि उसी व्यक्ति ने जानलेवा हमला करवाया है। इसीलिए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उधर, एसपी विरेंद्र विज ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि क्या विवाद है।
वहीं एसएचओ प्रदीप कुमार ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में फिलहाल डीडीआर दर्ज की है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।