कैथल। शहर के संजोग पैलेस के साथ वाली मार्केट में बने मंदिर व दरगाह से चोरों ने दानपात्र तोड़कर हजारों रुपये चोरी कर लिए। ये घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इस मामले में मंदिर व दरगाह के पुजारी ने पुलिस को शिकायत दी है।
मंदिर के पुजारी श्याम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दानपात्र में तीन माह में एकत्रित करीब 15 हजार रुपये दान की राशि थी। चोरी के बाद आरोपी छत पर चढ़ गया और वहां से नीचे कूदने का प्रयास किया। ऊंचाई ज्यादा होने के कारण फिर सीढ़ियों से वापस आ गया। वापस आकर आरोपी ने कैमरे बंद करने का भी प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुआ। पुजारी ने बताया कि उसे एक युवक पर शक है, जो कई बार यहां माथा टेकने के लिए आता है। पुजारी ने बताया कि इससे पूर्व भी मंदिर व दरगाह में कई बार चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एक बार चोर यहां से मंदिर का गेट चोरी कर ले गए थे। इससे पहले मंदिर में प्रतिमाओं के शीशे पर लगाए गए एल्युमीनियम के गेट चोरी हो गए थे।