संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। तीन स्थानों से चोर लाखों रुपये के गहने, नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में पूंडरी निवासी सोनू ने पुलिस को शिकायत दी कि 21 जनवरी को रात के समय चोर ताला तोड़कर उसके घर में घुस गए। आरोपी घर से 90 हजार रुपये व सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। नकदी सहित चोरी हुए सामान की कीमत तीन लाख 25 हजार रुपये है। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। चोरों के बारे में सुराग लगाया जा रहा है।
दूसरे मामले में गांव ब्राह्मणीवाला निवासी जगविंद्र ने कलायत थाना में शिकायत दी कि 21 जनवरी को रात के समय अज्ञात आरोपी गांव शिमला स्थित उसकी दुकान का ताला तोड़कर दो गैस सिलिंडर, 3300 रुपये व इनवर्टर बैटरी चोरी कर ले गए। उसे करीब छह हजार रुपये का नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी नरेश ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीस शुरू कर दी है।
तीसरे मामले में सेक्टर 19 निवासी आनंद मुंजाल ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि 19 जनवरी को वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गया था। इस दौरान अज्ञात आरोपी दीवार फांदकर घर में घुस गए और करीब 30 हजार रुपये कीमत के गहने चोरी कर ले गए। जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। चोरों का पता लगाया जा रहा है।