करनाल रोड पर तहसील के निकट टायर शोरूम से रविवार की रात को चोरों ने शटर तोड़कर करीब छह लाख रुपये से अधिक के टायर चोरी कर लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शोरूम के मालिक विश्वास वालिया फतेहपुर नेे पुलिस में दी अपनी शिकायत में बताया कि हर रोज की तरह रविवार को भी शोरूम लॉक करके गए थे। अगले दिन सोमवार को एक जानकार कर फोन आया कि आपके शोरूम का शटर टूटा पड़ा है। दुकान पर पहुंचे तो पाया कि दुकान में सारा सामान बिखरा पड़ा था। जिसकी सूचना उसने तुरंत पुलिस को दी। वालिया ने बताया कि उनकी दुकान से ट्रैक्टर के 12 टायर, ट्रक के 10 टायर, गाड़ी के 8 टायर, मोटरसाइकिल के 5 टायर व अन्य सामान चोरी हुआ है।
विदित रहे कि करनाल रोड पर आरएन स्कूल के सामने बग्गा टायर के नाम से एमआरएफ टायर के शोरूम पर भी दूसरी बार 7 दिसंबर को चोरों ने चोरी करने की कोशिश की थी, जिसमेें वे असफल रहे। बग्गा टायर्स के मालिक विनोद बग्गा ने बताया कि पहला चोरी का प्रयास 17 जून की रात को किया गया और दूसरा प्रयास चोरों द्वारा 7 दिसंबर को किया गया। उन्होंने बताया कि शोरूम में लगे कैमरों में अज्ञात चोरों के चेहरे नजर भी आ रहे हैं, जिसकी सूचना पुलिस को भी दे दी है। विनोद बग्गा ने थाना प्रभारी एवं अंडर ट्रेंनिग आईपीएस अधिकारी हिमाद्री कौशिक से मांग करते हुए कहा कि वे इन चोरों के गिरोह का पर्दाफाश कर इन्हें सलाखों के पीछे बंद करें, ताकि वे राहत की सांस ले सकें।
चौकी प्रभारी भागीरथ शर्मा ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है। जल्द ही इस घटना को ट्रेस कर चोरों को पकड़ने का पुलिस प्रयास करेगी।