संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से नरवल में लिंगानुपात सुधार के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई गई और पीएनडीटी एक्ट की जानकारी दी गई। इसका मार्गदर्शन एएनएम कमलेश ने किया।
कार्यक्रम में डाॅ. फरमान अली व पूजा देवी ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना बालिकाओं को संरक्षित और सुरक्षित करने के लिए बनाई गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा सुनिश्चित करना, बालिकाओं को शोषण से बचाना व उन्हें सही एवं गलत के बारे में अवगत करवाना, शिक्षा के माध्यम से लड़कियों को सामाजिक और वित्तीय रूप से स्वतंत्र बनाना है।
उन्होंने बताया कि इसी तरह योजना के तहत लिंगानुपात में सुधार करना, महिलाओं के साथ हो रहे भेदभाव को रोकना, बेटियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना, शिक्षा के साथ बेटियों को अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ाने एवं उनकी इसमें भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमलजीत व पम्मी, बिमला सहित गांव की महिलाओं ने शपथ ली।