संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। चीका अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान पद के लिए 27 मार्च को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। चुनाव कमेटी के सदस्य कुलवंत राय गोयल के प्रतिष्ठान पर चुनाव चिह्न दिए जाने से पहले चुनाव कमेटी सदस्यों व मंडी के कुछ वरिष्ठ आढ़तियों ने बैठक कर एक बार फिर से प्रधान पद के लिए सर्वसम्मति करवाने का प्रयास किया लेकिन आढ़तियों का यह प्रयास सिरे नहीं चढ़ सका।
चुनाव मैदान में डटे रूलदू राम व कर्म सिंह में से जब कोई भी झुकने का तैयार नहीं हुआ तो चुनाव कमेटी ने दोनों उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न अलाट कर दिए। चुनाव कमेटी के सदस्य कुलवंत राय गोयल व अशोक कुमार गर्ग ने बताया कि कर्म चंद को कुर्सी और रूलदू राम को साइकिल का चुनाव चिह्न दिया गया। कुलवंत राय गोयल व अशोक गर्ग ने बताया कि मंडी प्रधान के चुनाव को लेकर 27 मार्च को अग्रवाल धर्मशाला में मतदान होगा और मतदान के बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
अशोक गर्ग ने बताया कि चुने गए प्रधान अन्य आढ़तियों से विचार विमर्श से बाकी की कार्य कारिणी का गठन करेंगे। बता दें कि चीका अनाज मंडी में लगभग 350 आढ़ती हैं, जो अपने मत का प्रयोग करेंगे। बैठक में कमेटी सदस्य कुलदीप सिंह, कश्मीरी लाल गर्ग व परमजीत सिंह सहित दर्जनों आढ़ती भी मौजूद रहे। अनाज मंडी प्रधान पद के लिए चुनाव मैदान में डटे रूलदू राम नंबरदार ने कहा कि चुनाव मैदान में आने के उनका मकसद अनाज मंडी की समस्याओं को दूर करवाना है। रूलदू राम ने कहा कि यदि इस बार मंडी के आढ़तियों ने उन्हें सेवा का मौका दिया तो वे उन्हें जरा सी भी दिक्कत नहीं आने देंगे और सीजन के दौरान मंडी में बोली होने से लेकर फसल के उठान तक के सभी कार्य प्रमुखता से करवाए जाएंगे।
दूसरे प्रत्याशी कर्म चंद गर्ग ने कहा कि चुनाव लड़ने के पीछे उनकी मंशा सभी आढ़तियों को एक जुट करना है। गर्ग ने कहा कि यदि इस बार आढ़ती उन्हें मौका देते है तो वे खरीद एजेंसियों से मंडी में फसल बिकने और उठान तक के सभी प्रबंध समय रहते करवाएं जाएंगे। आढ़तियों को सीजन के दौरान मामूली सी भी दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।