There were only two cases in April last year, this time the figure is over one thousand
- फोटो : Kaithal
इस बार अप्रैल माह में कोरोना वायरस जिले में विकराल रूप में लौटा है। इस माह शायद ही ऐसा कोई दिन होगा, जब संक्रमितों की संख्या 50 से कम रही हो। पिछले वर्ष 15 अप्रैल तक जहां जिले में केवल दो व्यक्ति संक्रमित थे। वहीं इस बार अप्रैल के पहले 15 दिनों में 1000 से ज्यादा संक्रमित सामने आ चुके हैं। इतना ही नहीं बल्कि 14 संक्रमित व्यक्तियों की मौत भी हो चुकी है। ऐसे में स्थिति जिले में रोजाना पहले से गंभीर होती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के लाख प्रयासों के बावजूद कोरोना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
कोरोना की शुरूआत से लेकर अब तक स्वास्थ्य विभाग एक लाख 87 हजार से ज्यादा व्यक्तियों के जांच हेतु सैंपल ले चुका है, जिनमें से करीब 5600 से ज्यादा व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस समय जिले में 609 कोरोना एक्टिव केस हैं। उनमें से 55 को जिला नागरिक अस्पताल में, 539 को होम आइसोलेशन में व 15 संक्रमितों को अन्य स्थानों पर आइसोलेट किया गया है। हालांकि पिछले वर्ष होम आइसोलेशन की सुविधा न होने के कारण ज्यादातर संक्रमितों व उनके परिजनों को क्वारंटीन सेंटरों में रखा जा रहा था, लेकिन अब होम आइसोलेशन की सुविधा के चलते ज्यादातर नागरिक घरों में खुद को आइसोलेट करने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
जिले में 34 कोविड डेडिकेटिड केयर सेंटर, 1410 बैडों की सुविधा-स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में कोरोना संक्रमितों के लिए 34 कोविड डेडिकेटिड केयर सेंटर बनाए गए हैं। वहीं संक्रमितों के लिए नागरिक अस्पताल सहित विभिन्न सरकारी व निजी अस्पतालों में 36 आईसीयू बैड का प्रबंध किया गया है। वहीं तीन अस्पतालों में 14 वेंटिलेटर की व्यवस्था भी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में कोरोना संक्रमितों के लिए विभाग द्वारा हर प्रकार की जरूरी सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। नागरिक अस्पताल व 7 सीएचसी केंद्रों पर लोगों की जांच की जा रही है। इसके अलावा पीएचसी केंद्रों व अन्य स्थानों पर रोटेशन के अनुसार जांच जारी है।
सिविल सर्जन डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि कोरोना संक्रमितों की देखभाल व ईलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रमुखता से कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा ज्यादा से ज्यादा लोगों को जांच करवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं जिले में वैक्सीनेशन का कार्य भी लगातार जारी है। उन्होंने आमजन से नियमों का पालन करने और वैक्सीन लगवाने की अपील भी की है।