संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। सबसे अधिक काम लैब में प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही गायिनी वार्ड में भी काफी धीमा काम हड़ताल के कारण चल रहा है। कई तीमारदारों ने बताया कि हड़ताल की वजह से गर्भवतियों की जांच में देरी हो रही है।
गौरतलब है कि लगातार एनएचएम कर्मियों की हड़ताल जारी रहने के चलते एनएचएम के अधीन लगी नर्सिंग ऑफिसर काम नहीं कर रही है। ऐसे में यहां पर केवल नियमित रूप से कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर कार्य कर रही हैं। उन्हें हड़ताल के कारण 14 घंटे की ड्यूटी लगातार करनी पड़ती है। वहीं, हड़ताल के कारण लैब व एंबुलेंस सेवाएं भी लगातार प्रभावित हो रही हैं।
जिला प्रधान हरदीप सिंह ने बताया कि एमडी एनएचएम के साथ हुई बैठक में भी कोई बात नहीं बन पाई है। इसलिए उनका धरना प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर आशीष शर्मा, शिवकुमार, सुनील गौरां, नवीन, मोहित, सतबीर, पूनम गुग्लानि, सुषमा कुसुम, मुकेश, ममता, महाबीर, मोहित, राजेश ढुल, सोनू, नसीब इत्यादि कर्मचारी उपस्थित रहे।