संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी/कैथल। पूंडरी नगर में मुख्य बाजार के बीच एक मिठाई की दुकान पर गोलियां चलने से दहशत का माहौल पैदा हो गया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि यह प्रतिष्ठान पूंडरी चौकी से चंद कदमों की दूर पर है।
गौरतलब है इस समय नगर निकाय चुनाव के तहत नगरपालिका पूंडरी के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में आचार संहिता के बीच सरेआम फायरिंग होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े करता है। वहीं, इस घटना की सूचना मिलने के बाद हलका विधायक सतपाल जांबा व पुलिस बल के साथ एसपी राजेश कालिया मौके पर पहुंचे और जायजा लिया।
जांच में पता चला कि बदमाशों ने गोलियां दुकान के शीशों पर चलाई। गनीमत रही घटना के दौरान किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। यहीं नहीं, जिस प्रतिष्ठान पर बाइक सवाराें ने गोलियां चलाई। वह प्रतिष्ठान पूंडरी पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर ही स्थित है।
लोगों का कहना है कि सरेआम गोलियों का चलाना व आचार संहिता के चलते इस तरह से हथियारों का इस्तेमाल कहीं ना कहीं पुलिस प्रशासन पर भी सवाले खड़े करता दिखाई देता है।
गौरतलब है वीरवार को मुख्यमंत्री की जनसभा के आयोजन को लेकर शहर की सड़कों पर बुधवार को दिनभर पुलिस वाहन दौड़ते दिखे।
कस्बावासियों का कहना है कि शहर में इतनी पुलिस बल के होते एक बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने भरे बाजार में गोलियां चलाकर एक तरह से पुलिस को चुनौती देने का काम किया है।
कस्बावासियों ने बताया कि जिस तरह से बदमाशों ने दुकान के शीशों पर गोलियां चलाईं है। उससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि बदमाश दुकान मालिक को डरा कर फिरौती का दबाव बना रहे हैं। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक ने मौके का मुआयना किया व सीआईए की टीमें सबूत खंगालने में जुट गई।
उधर, पूंडरी चौकी प्रभारी महीपाल सिंह ने बताया कि मौके पर ही एसपी राजेश कालिया भी दौरा करने के लिए पहुंचे थे। उनके साथ सीआईए की टीमों ने भी जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की अभी तक गिरफ्तार नहीं हो पाई है। इस मामले में पुलिस के आला अधिकारियों के आदेशों पर जांच जारी है। दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।