कैथल। प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई हैप्पी कार्ड योजना के तहत कार्ड लेने वाले लाभार्थियों को अभी तक राहत नहीं मिल रही है। नया बस अड्डा पर प्रतिदिन सैकड़ों लाभार्थियों की भीड़ जुटती है और यहां पर कार्ड लेने के लिए मारामारी रहती है। पिछले करीब एक सप्ताह से रोडवेज विभाग की ओर से व्यवस्था नहीं बन पाई है।
गौरतलब है कि जिले में करीब 84 हजार हैप्पी कार्ड बनाए गए हैं। इसमें से करीब 20 हजार कार्ड वितरित भी किए जा चुका हैं। शुरुआत में यहां पर कार्ड देने के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क के तहत महज दो काउंटर ही लगाए गए थे परंतु भीड़ को देखते ही इसकी संख्या दो से बढ़ाकर 10 कर दी गई है। इसके बावजूद भीड़ पर काबू नहीं पाया जा सका है।
इस योजना के तहत एक लाख रुपये से कम आय वाले परिवारों को हैप्पी कार्ड प्रदान करना है। इससे लाभार्थी एक हजार किलोमीटर तक की यात्रा रोडवेज की बसों में निशुल्क कर सकते हैं।
प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई हैप्पी कार्ड योजना के तहत कार्ड लेने वाले लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। इसके तहत अभी तक करीब 20 हजार हैप्पी कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। कार्ड वितरित करने के लिए अलग से काउंटर लगाए गए हैं।
निरंजन सिंह, ड्यूटी प्रभारी, कैथल। -