कैथल। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सरकार को एचसीएस भर्ती पर घेरा है। उन्होंने एचसीएस अफसरों की जारी की गई सूची को लेकर भाजपा सरकार पर एससी बीसी विरोधी होने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने शनिवार को ढांड रोड स्थित किसान भवन में पत्रकार वार्ता की।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को जारी एचसीएच अफसरों की सूची ने भाजपा सरकार का एससी-बीसी विरोधी चेहरा बेनकाब कर दिया, यह भी साबित हो गया कि गरीब के बेटा-बेटी के लिए भाजपा के रहते एचसीएच जैसे पदों पर नियुक्ति का रास्ता नहीं बचा है। सुरजेवाला ने कहा कि साल 2019 से साल 2024 तक यानि पिछले छह साल से एचसीएस भर्ती में एससी-बीसी के बच्चों की अनदेखी की गई। भाजपा सरकार ने एचसीएस भर्ती 2022 में 14 एचसीएस अफसरों के एससी आरक्षित पद खाली छोड़ दिए और एचसीएस भर्ती 2023 में नौ एससी आरक्षित पद खाली छोड़ दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बीजेपी के मुताबिक, हरियाणा के एससी समाज के बच्चे एचसीएस अफसर लगने के लायक भी नहीं हैं?