संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में 85 वर्ष से अधिक आयु के 11 हजार 17 बुजुर्ग हैं, जिन्हें इस लोकसभा चुनाव में बैलेट पेपर से यानि घर से ही वोट डलवाने की सुविधा मिलेगी। यह जानकारी जिला निवार्चन अधिकारी एवं डीसी प्रशांत पंवार ने दी है।
उन्होंने बताया कि जो बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता बूथ पर जाकर वोट नहीं डालना चाहते, उनके मतदान करने के लिए चुनाव कार्यालय की ओर से फार्म भरवाए जाएंगे, उनकी सहमति देने के उपरांत ही मतदान की व्यवस्था के लिए टीम का गठन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 6 मई को पूरी होगी। उसके बाद ये फार्म बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के घर से एकत्रित किए जाएंगे। जो मतदाता चाहेंगे कि वे घर से ही वोट देंगे, उनको बैलेट पेपर वितरित किए जाएंगे और चुनाव कर्मचारी उसी दिन उनके बैलेट पेपर पर निशान लगवा कर लेकर उन्हें सीलबंद कर देंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में मतदाता के गोपनीयता के अधिकार को बरकरार रखा जाएगा। उन्होंने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल आठ लाख 13 हजार 964 मतदाता हैं। इनमें 11 हजार 17 मतदाता ऐसे में जिनकी आयु 85 साल से अधिक आयु के हैं। जिनमें 7147 महिला एवं 3870 पुरुष मतदाता शामिल है। इनमें पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में 3239, गुहला में 2852, कलायत में 2714 और कैथल हलके में 2212 मतदाता 85 साल से अधिक आयु के हैं। बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि 100 फीसदी मतदान हो, जिसे लेकर स्वीप के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
भारत चुनाव आयोग के निर्देशानुसार 85 साल से अधिक उम्र वाले मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की हैं, ताकि वह अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित न रहें। बुजुर्ग मतदाताओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्र पर व्हील चेयर, रैंप तथा पिकअप एंड ड्रोप की व्यवस्था और मेडिकल किट की व्यवस्था की गई है, ताकि सभी मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सके। इसके अलावा जो बुजुर्ग और दिव्यांग बूथ पर वोट डालने आएंगे, उनको वालंटियर सहयोग करेंगे।
उधर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सीटीएम गुरविंद्र सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर लघु सचिवालय के सभागार में तीन अप्रैल को बैठक होगी।
411 शतायु मतदाता
जिला निवार्चन अधिकारी एवं डीसी प्रशांत पंवार ने बताया कि जिले में 100 साल से अधिक आयु के 411 मतदाता हैं, इनमें 268 महिला एवं 143 पुरुष मतदाता शामिल हैं। पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में 168, गुहला विधानसभा क्षेत्र में 124, कलायत में 71 तथा कैथल विधानसभा क्षेत्र में 48 ऐसे मतदाता हैं।
जिले में 7580 दिव्यांग वोटर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिलें में 7580 दिव्यांग वोटर हैं। सबसे ज्यादा दिव्यांग मतदाता (2263) कैथल विधानसभा क्षेत्र में हैं। दूसरे स्थान पर कलायत विधानसभा क्षेत्र है जहां (2124) दिव्यांग मतदाता हैं। वहीं गुहला एवं पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में क्रमश: 1682 एवं 1511 दिव्यांग मतदाता हैं।