कैथल। कलायत थाना क्षेत्र के गांव कैलरम में खेत में बने मकान से चोर सोने-चांदी के जेवरात और 7600 रुपये चोरी कर ले गए। गांव कैलरम निवासी अनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव वजीर नगर जाने वाली सड़क के साथ अपने खेत में मकान बनाकर परिवार के साथ रहती है।
23 अगस्त की रात करीब नौ बजे वह बच्चों के साथ मकान के सहन में सो गई थी। उसने दोनों कमरों की कुंडी लगाई हुई थी। रात करीब तीन बजे उसकी आंख खुली तो दोनों कमरों के गेट खुले मिले और सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद उसने अपने जेठ बलराज को बुलाकर सामान की जांच की। जांच करने पर लोहे की अलमारी से करीब सात ग्राम पांच मिलीग्राम वजन के दो सोने के लोकेट, तीन ग्राम की सोने की नथ, एक जोड़ी कानों के कोके, चार तोले की चांदी की जंजीर, एक जोड़ी चांदी की चुटकी और आधा तोला वजन का चांदी का टीका गायब मिला।
इसके अलावा बटुए से 7600 रुपये के करेंसी नोट भी चोरी मिले। अनीता ने आरोप लगाया कि अज्ञात चोर रात के समय मकान की चहारदीवारी से अंदर दाखिल हुए और कमरों में रखी अलमारी से जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। महिला ने पुलिस से चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।