संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रेमी के सुसाइड करने से आहत 23 वर्ष से युवती ने करीब 24 घंटे बाद वीरवार को वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वह देर तक बाथरूम से बाहर नहीं निकली तो वहां तैनात लेडीज स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से जवाब न मिलने पर स्टाफ ने दरवाजा किसी तरह खोला तो युवती चुन्नी के बनाए फंदे से लटक रही थी।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के शव को उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। डीएसबी वीरभान ने बताया कि हजवाना निवासी प्रीति और डींग निवासी अमित का करीब छह माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अमित शादीशुदा था। बुधवार को अमित ने आत्महत्या कर ली तो वीरवार को परेशान होकर प्रीति ने भी जान दे दी।
प्रीति कुछ दिन पहले अमित के साथ घर से चली गई थी। प्रेमी का पत्नी से इस पर विवाद भी हो गया था। इसके बाद पुलिस की डायल 112 नंबर गाड़ी गांव डीग में प्रेमी के घर पर पहुंची। वहां से प्रेमिका को पुलिस अपने साथ ले आई। जबकि प्रेमी को वहीं छाेड़ आई।
बुधवार को युवक ने की थी आत्महत्या ः बुधवार को युवक ने अपने खेतों में जाकर फंदा लगाकर जान दे दी थी। उसकी एक बेटी है। शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया। लड़की के बयान करवाए तो उसने कहा कि वह लड़के के घर जाएगी, बाद में लड़के के परिजनों ने उसे ले जाने से मना कर दिया कि जब उनका बेटा ही मर चुका है तो वे इसे लेकर नहीं जाएंगे।
पुलिस के पास जब लड़की की मां उसे लेने के लिए आई तो लड़की ने उसके साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद लड़की को वन स्टॉप सेंटर में छोड़ दिया। अब इसे नारी निकेतन भेजने की तैयारी कर रहे थे कि लड़की ने वीरवार शाम को बाथरूम जाने के बहाने खिड़की पर अपनी चुन्नी से फंदा लगा लिया और आत्महत्या कर ली।
लड़की ने अंदर से कुंडी लगा रखी थी। वन स्टॉप सेंटर के स्टाफ की सूचना के बाद डीएसपी हेड क्वार्टर, डीएसपी क्राइम, एफएसएल टीम व सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस जांच कर रही है।
कोर्ट में युवक ने खुद को अविवाहित बताया था
पुलिस के मुताबिक, दोनों की जान पहचान करीब तीन-चार साल पहले हुई थी। लड़का ड्राइवरी करता था। कभी गाड़ी तो कभी ट्रैक्टर चलाता था। एक बार ट्रैक्टर चलाते हुए वह लड़की के गांव में मजदूरी पर चला गया। वहां दोनों की जान पहचान हो गई और एक दूसरे के साथ मिलने जुलने लगे। जब कोर्ट मैरिज की तो लड़के ने खुद को अविवाहित बताया था। दोनों के गांव की दूरी करीब 5 किलोमीटर पड़ती है।