संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बीती 5 जनवरी को गांव देवीगढ़ की एक बुजुर्ग महिला को ई-रिक्शा में सवार कर मुंह दबाकर सोने के जेवर लूटने के मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पुलिस को आरोपियों ने बताया कि लूटे गए जेवरों को उन्होंने बैंक में जमा करा दिया है। पुलिस ने बैंक को नोटिस जारी कर जानकारी देने को कहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुभाष नगर, कैथल निवासी रविंद्र, सीवन निवासी अजय और आशु शामिल हैं। पुलिस तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड हासिल करेगी। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि गांव देवीगढ़ निवासी सुरेश कुमार की शिकायत के अनुसार 5 जनवरी को उनकी माता सोना देवी (उम्र लगभग 75 वर्ष) खेत-बाड़ा से घर लौटते समय वारदात हुई थी।
सुरेश कुमार ने बताया कि जब उनकी मां गांव के सरकारी स्कूल के पास पहुंचीं, तो एक अज्ञात व्यक्ति ई-रिक्शा लेकर आया और उन्हें घर छोड़ने का झांसा देकर उसमें बैठा लिया। करीब 200 मीटर आगे चलने के बाद रास्ते में दो अन्य युवक ई-रिक्शा में सवार हो गए। तीनों आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को इधर-उधर घुमाया।
जब मां ने उतरने का प्रयास किया तो ई-रिक्शा नहीं रोका गया। इसी दौरान एक आरोपी ने महिला का मुंह दबा दिया, दूसरे ने उनकी टांग पकड़ ली, जबकि तीसरे आरोपी ने उनके कानों की सोने की बालियां और गले में पहना सोने का ओम छीन लिया।
इसके बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर महिला को धमकाया और कुतुबपुर रोड स्थित रेलवे फाटक के पास ई-रिक्शा से धक्का देकर नीचे फेंक दिया। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी उपासना ने एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ को आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
एसपी के आदेशों पर कार्रवाई करते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई जयभगवान की टीम ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपियों ने लूटे गए सोने के आभूषण सीवन स्थित एक प्राइवेट बैंक में जमा करवा दिए थे। पुलिस ने संबंधित बैंक को नोटिस जारी जल्द ही आभूषण बरामद करने की बात कही है।