राजौंद। आरटीई सत्र 2026-27 के अंतर्गत नर्सरी से पहली कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभिभावकों का इंतजार अब खत्म होने की ओर है। सरकार द्वारा ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 16 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी। सरकारी निर्देश के अनुसार 22 अप्रैल 2026 तक सभी अभिभावकों को अपने आवेदन फार्म एवं आवश्यक दस्तावेज खंड कार्यालय राजौंद में सत्यापन हेतु जमा करवाने थे। जिन अभिभावकों ने समय रहते अपने फार्म जमा करवा दिए थे, उनके सभी आवेदन जिला शिक्षा अधिकारी, कैथल द्वारा गठित कमेटी के सदस्यों द्वारा सत्यापित कर दिए गए हैं। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी संदीप नैन तथा कमेटी सदस्य रमेश कुमार (प्रिंसिपल) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वहीं जिन अभिभावकों द्वारा निर्धारित समय तक फार्म जमा नहीं करवाए गए थे। उन्हें कार्यालय की ओर से व्यक्तिगत रूप से दूरभाष के माध्यम से सूचित किया गया ताकि कोई भी विद्यार्थी इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। सूचना मिलने के बाद भी कई अभिभावकों ने 22 अप्रैल को शाम 5 बजे तक अपने फार्म जमा करवाए। अब अभिभावकों को प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण का इंतजार है जिसके बाद विद्यार्थियों के दाखिले की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।