पूंडरी। एचएसईबी वर्कर्स यूनियन की पूंडरी यूनिट के आह्वान पर सुनील जेई और नरेश जेई के तबादलों के विरोध में कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने कार्य निलंबित कर डिविजन परिसर में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक धरना दिया। प्रदर्शन की अध्यक्षता सब यूनिट नंबर दो पूंडरी के प्रधान सतीश कुमार ने की, जबकि मंच संचालन हरियाणा महासंघ के जिला कोषाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने किया।
यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि दोनों जेई के तबादले विभागीय नियमों के खिलाफ और अनुचित तरीके से किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक सतपाल जांबा की ओर से विभागीय नियमों के विपरीत काम करवाने का दबाव बनाने के विरोध में कर्मचारी लामबंद हैं। कर्मचारियों ने निगम प्रशासन से दोनों तबादले रद्द करने की मांग की। यूनिट प्रधान बलवीर रंगा पिहोवा ने कहा कि तबादलों के लिए कर्मचारियों में रोष है। इस संबंध में राज्य कार्यकारिणी की मुख्यमंत्री और निगम प्रबंधन के साथ वार्ता चल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते तबादले रद्द नहीं किए गए तो आंदोलन को पूरे हरियाणा में व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा। धरने में जितेंद्र बाकल, राममेहर, प्रवीण बतान, सुशील नैन, यशपाल, सुशील कुमार सहित विभिन्न यूनिटों के पदाधिकारी, जेई और कर्मचारी मौजूद रहे।