पूंडरी में सड़क पर उतारा गया धान। संवाद
पूंडरी। अनाज मंडी पूंडरी में धान की बंपर आवक के कारण मंडी परिसर पूरी तरह भर गया है। मंडी में जगह नहीं बचने के कारण आढ़तियों ने किसानों की धान की फसल पूंडरी-पाई मुख्य सड़क के किनारे उतरवानी शुरू कर दी है। इससे करीब डेढ़ किलोमीटर तक सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया है और मार्ग वन-वे की स्थिति में पहुंच गया है। सड़क किनारे धान के ढेर लगे होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आमने-सामने से वाहनों के आने पर जाम की स्थिति बन रही है।
वहीं राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी सड़क पर धान के ढेर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। मंडी में धान की लगातार आवक के बीच उठान धीमा होने से जगह की समस्या और बढ़ती जा रही है। किसानों को मजबूरी में अपनी फसल सड़क किनारे उतारनी पड़ रही है। इससे एक ओर किसान परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को यातायात की समस्या झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों में सुरेंद्र व नरेश ने प्रशासन और मार्केट कमेटी से मंडी में धान का उठान तेज कराने और सड़क पर उतरवाए गए धान को हटवाने की मांग की है, ताकि पाई रोड पर यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
पूंडरी में सड़क पर उतारा गया धान। संवाद