संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस लाइन कैथल में बुधवार को डायल 112 (ईआरवी) पर तैनात कर्मचारियों की बैठक की अध्यक्षता डीएसपी सुशील प्रकाश ने की। अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है भयमुक्त वातावरण स्थापित करना है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक के दौरान डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि डायल 112 हरियाणा पुलिस की वह प्रमुख सेवा है, जिसके माध्यम से आमजन को छोटी से छोटी समस्या अथवा आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। इसलिए इस सेवा से जुड़े प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। डीएसपी ने कहा कि समाज में भयमुक्त वातावरण के लिए ईआरवी गाड़ियां अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और पेट्रोलिंग को प्राथमिकता दें, ताकि अपराध की किसी भी संभावना को समय रहते रोका जा सके और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और डायल 112 पर कॉल करने वाले प्रत्येक व्यक्ति से शालीनता, संवेदनशीलता एवं सहानुभूति के साथ व्यवहार करें। त्वरित कार्रवाई और सकारात्मक रवैये से लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होगी। डीएसपी सुशील प्रकाश ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ईआरवी वाहन को हमेशा चालू हालत में रखा जाए।