संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बरटा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में एक नया खुलासा हुआ है। इसमें सामने आया है कि हत्यारोपी किशोरों ने प्रिंस व अरमान की हत्या की योजना पहले ही बना ली थी। ऐसे में इन आरोपियों ने अपनी ओर से तैयार किया तेजधार हथियार भी पहले छुपा लिए थे।
इन आरोपियों ने दोनों किशोरों को हत्या के लिए परिणाम की खुशी में पार्टी करने के बहाने ड्रेन पर बुलाया था। इसके बाद वहां पर इन दोनों की हत्या कर दी।
जांच में यह भी सामने आया कि जिन लड़कियों से छेड़छाड़ का आरोप किशोरों पर लगा था, उनके परिवार के दो किशोरों ने हत्या की योजना बनाई थी। आरोपी किशाोर इतनी बड़ी वारदात को दो अकेले अंजाम नहीं दे सकते थे, इसलिए उन्होंने गांव के ही अपने सहपाठियों और दोस्तों को इसके लिए तैयार किया। बाद में 18 मई को वे अरमान और प्रिंस को बाइक पर ड्रेन पर ले गए।
घटना से पहले कुछ किशोरों को ड्रेन पर भेजा गया था, जबकि कुछ को मौके पर आने के लिए कहा गया था। जैसे ही दो किशोर उनके साथ नाले पर पहुंचे, सभी ने उनकी पिटाई कर
दी और बाद में मोटरसाइकिल की चेन सेट और अन्य हथियारों से उन पर हमला कर दिया। आरोपी उसे तब तक पीटते रहे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। जब उसकी मौत हो गई, तो सभी मौके से भाग गए। वे सुबह स्कूल भी गए, लेकिन उनके चेहरे पर घटना को लेकर किसी तरह का पश्चाताप नहीं दिखा। एसपी आस्था मोदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पुलिस ने गांव के नौ किशोर आरोपियों के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज किया था, लेकिन बाद में पुलिस मामले को लेकर कड़ी से कड़ी जोड़ती गई और अब तक 11 आरोपियों को पकड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस 11 किशोरों को पकड़ चुकी है। सभी को बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है।