गुहला-चीका। भारत विकास परिषद शाखा ने मंगलवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता करवाई। प्रतियोगिता में जिसमें पांच विद्यालयों की टीम ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन व वंदेमातरम से की। स्थानीय स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सर्वप्रथम कर्म सिंह ग्रेवाल स्कूल के बच्चों ने हिंदी व संस्कृत में राष्ट्र गीत प्रस्तुत किया। इसके उपरांत कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका, सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल हरिगढ़ किंगन, इंडियन हाइट्स स्कूल चीका और अंत में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अगौंध के बच्चों ने राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में अपनी प्रस्तुती दी। प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल हरिगढ़ किंगन प्रथम, राजकीय कन्या स्कूल की छात्राएं द्वितीय स्थान पर रही। सभी प्रतिभागियों को परिषद की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। परिषद के अध्यक्ष डॉ. विनोद गुप्ता ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम 13 अक्तूबर को कैथल में होने वाली प्रांतीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। डॉ. विनोद गुप्ता ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्रों में देश भक्ति की भावना विकसित होती है व देश के प्रति प्रेम बढ़ाता है। कार्यक्रम में जज की भूमिका हेमलता शर्मा, बलजीत सिंह व प्रेम सिंह पूनिया ने निभायी। मंच संचालन परमानंद गोयल ने किया। इस मौके पर महिला सहभागिता प्रमुख डॉ. सरिता भाठला, डॉ. निधि बंसल, सचिव गौरव गोयल, अभिनव शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया।