संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जींद रोड स्थित राजकीय आईटीआई में दो दिवसीय युवा महोत्सव का वीरवार को रंगारंग आगाज हुआ। इस कार्यक्रम का शुभारंभ पूंडरी से विधायक सतपाल जांबा ने दीप प्रज्जवलित करके किया। इस कार्यक्रम में जिला के 15 से 29 वर्ष के युवक-युवतियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि युवा मामले एवं कौशल विभाग हरियाणा तथा नेहरू युवा केंद्र ने इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए एक अच्छा मंच प्रदान किया है। जीवन में सफल होने के लिए शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भाग लेना जरूरी है। सांस्कृतिक कार्यक्रम हो, खेल कूद हो या फिर अन्य गतिविधियां युवाओं को बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए।
उन्होंने भारत युवाओं का देश है और इनके कंधों पर ही देश की बागडोर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि हमारा भारत विकसित देशों की श्रेणी में शामिल हो। इसके लिए सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। बात चाहे गांव या शहर में सफाई व्यवस्था की हो, पेड़-पौधे लगाने की हो, नशा मुक्ति की हो, हम सभी को इन मुहिम से जुड़कर देश को आगे ले जाने का काम करना होगा।
उन्होंने अपने गांव जांबा का जिक्र करते हुए बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से जांबा गांव को कैथल का मॉडल गांव बनाया है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि लक्ष्य निर्धारित करके सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े, निश्चित रूप से आपको सफलता मिलेगी।
सांयकालीन सत्र का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मुनीष कठवाड़ ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं की प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जाने चाहिए और युवा भी इनमें बढ़चढ़ कर भाग लें। प्रिंसिपल सतीश मच्छाल ने विधायक सतपाल जांबा का स्वागत किया। उन्होंने दो दिवसीय युवा महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में हजारों युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्य रूप से लोकगीत ग्रुप, लोकगीत एकल, ग्रुप डांस हरियाणवी, फॉक डांस ग्रुप व एकल, पोस्टर मेकिंग, कहानी लेखन, कविता, भाषण प्रतियोगिता, फोटोग्राफी, साइंस प्रोजेक्ट व मॉडल आदि प्रतियोगिताएं शामिल हैं। युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को चार चांद लगा दिए।
इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र की युवा अधिकारी दीक्षा मिश्रा, डॉ. राजेश, डॉ. मनोज भांबू, अधीक्षक सोहन लाल, कर्मबीर सिंह, निशांत डांगी, गुरादत्ता, शमशेर पूंडरी, संजय कुमार, संजीव कुमार, शमशेर सिंह, सुरेंद्र सिंह, रविकेश, नरेश पंवार आदि मौजूद रहे।