गुहला चीका। उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका के मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों के लिए एसडीएम मनीष कुमार यादव ने राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और समय रहते सभी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। नायब तहसीलदार बलराज मलिक को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी देशभक्ति एवं लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे, जबकि पुलिस व अन्य प्लाटून की ओर से मार्च पास्ट भी किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परेड की तैयारियां बेहतर ढंग से कराने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि समारोह की रिहर्सल 9 से 11 अगस्त तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका में होगी, जबकि 13 अगस्त को अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी।