संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आयोजित एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का जिले में मिला-जुला असर देखने को मिला। कई सरकारी विभागों में कर्मचारी अनुपस्थित रहने से कामकाज ठप रहा और आमजन को बिना कार्य करवाए लौटना पड़ा। वहीं हरियाणा रोडवेज की बस सेवाएं लगभग सामान्य रहीं। बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल का व्यापक असर पड़ा, जिससे करीब 100 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ।
बैंकिंग सेवाएं प्रभावित ः जिले के 13 प्रमुख बैंकों में से 11 बैंकों के सफाई कर्मचारी, क्लर्क और चपरासी हड़ताल पर रहे। इसके कारण नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, डिमांड ड्राफ्ट और अन्य वित्तीय सेवाएं प्रभावित रहीं। व्यापारियों और ग्राहकों को अपने कई जरूरी लेन-देन टालने पड़े।
उधर, पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के प्रमुख चौराहों, लघु सचिवालय, नगर परिषद और बैंक शाखाओं के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था। डीएसपी कुलविंद्र सिंह और वीरभान लघु सचिवालय परिसर में मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
नगर परिषद कार्यालय में सुबह से ही कर्मचारियों की कुर्सियां खाली दिखाई दीं। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, हाउस टैक्स, पानी के बिल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को निराशा हाथ लगी। कई ग्रामीण दूर-दराज से आए थे, लेकिन कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें लौटना पड़ा।
रोडवेज सेवा रही सामान्य
परिवहन सेवाओं पर हड़ताल का खास असर नहीं दिखा। हरियाणा रोडवेज की 100 से अधिक बसें अपने निर्धारित रूटों पर संचालित हुईं। बस अड्डे पर सामान्य दिनों जैसी चहल-पहल रही। सुबह चार बजे ही रोडवेज जीएम कमलजीत सिंह, टीएम विपुल कुमार और वर्कशॉप मैनेजर अनिल कुमार ड्यूटी पर पहुंच गए थे और व्यवस्थाओं की निगरानी की।
जिला परिषद में हड़ताल के दौरान खाली पड़ी कुर्सियां।- फोटो : credit
जिला परिषद में हड़ताल के दौरान खाली पड़ी कुर्सियां।- फोटो : credit
जिला परिषद में हड़ताल के दौरान खाली पड़ी कुर्सियां।- फोटो : credit