संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। दुब्बल गांव में जन स्वास्थ्य विभाग की बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। राजकीय माध्यमिक विद्यालय से सिणद रोड को जोड़ने वाली मुख्य गली में पाइपलाइन डालने के बाद मरम्मत कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण रामकुमार, प्रमोद और रामेश्वर ने बताया कि कुछ दिन पहले विभाग की एजेंसी ने गली में पाइपें तो बिछा दीं, लेकिन उसके बाद न तो सीमेंट ब्लॉक ठीक से लगाए गए और न ही गली की मरम्मत की गई। सीमेंट ब्लॉक गली में इधर-उधर बिखरे पड़े हैं, जिससे राहगीरों के साथ-साथ पशु भी घायल हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान गली में कीचड़ भर जाता है और टूटे-बिखरे ब्लॉकों के कारण आवागमन खतरनाक हो गया है। महिलाओं और बच्चों को स्कूल व मंदिर जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ नरेश जागलान ने कहा कि मामला अब उनके संज्ञान में आया है। बताया कि ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है।