संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। शहर के जींद रोड स्थित वार्ड नंबर 7 में वर्षों पुरानी पेयजल पाइपलाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। लगातार लीकेज की समस्या के बावजूद स्थानीय प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे लोगों को
गंदा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
वार्ड निवासी बाली, चंद्रपति, शीला, कांता, सुशील, सपना, बीना, सनी, प्रवीण, जोगिंदर सहित अन्य लोगों ने बताया कि पाइपलाइन की यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद अब तक न तो नई पाइपलाइन बिछाई गई और न ही पुरानी की मरम्मत की गई है। कई गलियों में अभी तक पेयजल पाइपलाइन डाली ही नहीं गई, जिससे लोगों को स्वच्छ जल की उपलब्धता पर गंभीर चिंता बनी हुई है।
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र वार्ड में नई पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि दूषित पानी की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे इस समस्या को लेकर सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज कराएंगे।