संवेदनशील ड्रेनों का निरीक्षण करते एसडीएम।
कलायत। आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत एसडीएम अजय हुड्डा ने बुधवार को कपिल मुनि ड्रेन, रजबाहा और अन्य संवेदनशील स्थलों का दौरा कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कपिल मुनि ड्रेन में कुछ कमियां और खामियां पाई गईं जिनके संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य जल्द करवाने के निर्देश दिए गए।
संबंधित विभाग की ओर से इन कमियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर करने का आश्वासन दिया गया। एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ड्रेनों, नालों और जल निकासी तंत्र को सुचारू रूप से कार्यशील रखा जाए। सभी की अच्छी तरह से सफाई करवाई जाए।
उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी अवरोध और अन्य समस्याएं पाई गई हैं, उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए जिससे बारिश के दौरान जलभराव स्थिति न बनें। एसडीएम हुड्डा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और बाढ़ राहत प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संबंधित विभागों को सभी आवश्यक संसाधन व मशीनरी तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन आगामी मानसून के दृष्टिगत निकासी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी कर रहा है।
संवेदनशील ड्रेनों का निरीक्षण करते एसडीएम।