संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। साकरा से रसीना जाने वाली टूटी हुई सड़क ग्रामीणों तथा राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। ग्रामीण प्रवीण कुमार, बलवान सिंह, सतपाल सिंह, बाबू राम, राम निवास, सुभाष चंद, राज कुमार, लील्ला राम ने बताया कि साकरा से रसीना तक सड़क अनेक स्थानों से इस कदर टूटी हुई है कि वाहन चलाना तो दूर की बात पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क में बने गहरे गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे है। कई बार तो दोपहिया वाहन चालक गिर कर चोटिल हो चुके है। बारिश के मौसम मेंं तो सड़क की हालत ओर भी बदतर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क तालाब का रूप धारण कर लेती है, जिससे दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि टूटी हुई सड़क को ठीक करवाने के लिए संबंधित विभाग के कार्यालय में कई बार चक्कर लगा चुके है लेकिन हर बार अधिकारियों का एक ही रटा रटाया जवाब होता है कि शीघ्र ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा लेकिन आज तक उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उन्हें टूटी हुई सड़क से निजात दिलाई जाए।
मेरे संज्ञान में यह मामला आज ही आया है। आचार संहिता के समाप्त होते ही टूटी हुई सड़क को ठीक करवा दिया जाएगा। भविष्य में ग्रामीणों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नही आने दी जाएगा। -वरुण कंसल, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ब्ल्यूडी विभाग।