संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र की जनरल ऑब्जर्वर डॉ. माधवी खोड़े चावरे ने शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। इस मौके पर चावरे ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग की हिदायत अनुसार बिजली,पानी,रैंप,व्हील चेयर व अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। इसके अतिरिक्त हीट वेव से बचाव के लिए छाया के लिए टेंट ओआरएस घोल आदि की भी व्यवस्था की जाए।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने चंदाना गेट स्थित सैनी धर्मशाला, आईटीआई और गांव उझाना में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र की जनरल ऑब्जर्वर डॉ. माधवी खोड़े चावरे ने कहा कि सुपरवाइजर/
सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के बूथों पर पहुंचने के लिए छोटे से छोटे रूट की जानकारी रखें जिससे जरूरत पड़ने पर कम से कम समय में बूथों पर पहुंचा जा सके। अगर किसी प्रकार की कोई दिक्कत हैं तो उन्हें तुरंत दुरुस्त कराया जाए।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग वोटरों की सुविधा के लिए विशेष रूप से व्हीलचेयर एवं वॉलिंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा रैंप भी पूरी तरह से सुविधा जनक होने चाहिए।
डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि जिला में 386 लोकेशन पर 807 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 619 ग्रामीण क्षेत्र में तथा 188 शहरी क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं। सभी बूथों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करवाई गई है। इस कार्य को सुनिश्चित करने के लिए उच्चाधिकारियों की ड्यूटियां भी लगाई गई है।
जिले की चारों विधानसभा में 8 लाख 13 हजार 964 मतदाता हैं, जिसमें 4 लाख 28 हजार 749 पुरुष मतदाता, 3 लाख 85 हजार 204 महिला मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र के अंदर मतदाता मोबाईल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, इलेक्ट्रोनिक घड़ी, स्पाई कैमरा इत्यादि लेकर नहीं जाएं। केवल पीठासीन अधिकारी को ही मोबाइल रखने की अनुमति होगी। इस मौके पर चुनाव नायब तहसीलदार सुभाष के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।