दो दिन में निपटा काम
पूंडरी। कैथल-करनाल मुख्य मार्ग पर पिछले कई दिनों से चावल से भरे ट्रकों के कारण बनी जाम जैसी स्थिति अब पूरी तरह खत्म हो गई है। सड़क किनारे लगी लंबी कतारें हटने से यातायात सुचारू हो गया है और आमजन को राहत मिली है।
वेयरहाउस प्रबंधक राजेश ग्रेवाल ने बताया कि कुल 444 ट्रकों में से 439 ट्रकों का चावल गोदामों में उतारा जा चुका है, जबकि शेष 5 ट्रकों का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। पहले यह कार्य एक सप्ताह में पूरा होना था, लेकिन अतिरिक्त लेबर लगाकर इसे मात्र दो दिन में ही पूरा कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि लेबर बढ़ाने से अनलोडिंग प्रक्रिया तेज हुई और सड़क पर खड़े ट्रकों की समस्या भी खत्म हो गई। स्थानीय लोगों ने राहत जताते हुए कहा कि अब मार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो गया है। साथ ही उन्होंने वेयरहाउस प्रबंधन की तत्परता की सराहना की है। ढांड स्थित एफसीआई से जुड़ी राइस मिलों से चावल लेकर वेयरहाउस पहुंच रहे ट्रकों की अधिक संख्या के चलते मार्ग पर अव्यवस्था बनी हुई थी। गोदाम प्रबंधन की सक्रियता से समाधान तेजी से किया गया। संवाद