संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. प्रभलीन सिंह ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर सिंह जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा में चार यात्राएं निकाली जा रही हैं। इनमें से एक यात्रा 8 नवंबर को सिरसा के रोड़ी से प्रारंभ होगी, जो 21 नवंबर को कैथल में प्रवेश करेगी। यह यात्रा गढ़ी से होते हुए सांघन सहित कई गांवों से गुजरकर कैथल पहुंचेगी।
लघु सचिवालय स्थित सभागार में रविवार को अधिकारियों सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए ओएसडी ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यात्रा का रात्रि ठहराव श्री गुरु नीम साहिब गुरुद्वारे में होगा। अगले दिन यात्रा कैथल से सीवन, पोलड़, कांगथली, डेरा कार सेवा होते हुए चीका की ओर रवाना होगी।
डॉ. प्रभलीन सिंह ने कहा कि कैथल जिले में यात्रा के मार्ग पर निर्बाध यातायात, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटें और पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर नमन करें।
गुरुद्वारा कमेटी व सामाजिक संस्थाओं की भूमिका ः हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों बलविंद्र सिंह भिंडर और बलदेव सिंह हाबड़ी ने रात्रि प्रवास, रागी-टाडी जत्थों और कथावाचकों की व्यवस्था का जिम्मा लेने की बात कही। सेवा संघ की ओर से शिव शंकर पाहवा ने बताया कि तीन संस्थाओं के माध्यम से स्वागत
द्वार बनाए जाएंगे। गुरु तेग बहादुर सेवा दल के सतेंद्र भाटिया व गुरनाम सिंह ने भी अपने सुझाव रखे।
प्रशासन तैयार, यात्रा का स्वागत गरिमा से होगा ः जिला प्रशासन की ओर से एडीसी सुरेश राविश ने कहा कि कैथल प्रशासन यात्रा के स्वागत को लेकर पूरी तरह तैयार है। सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी। बैठक में तरुण भंडारी (मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव), डॉ. दिलवर सिंह, सतनाम सिंह, अश्वनी अग्रवाल, दीपेंद्र सिंह कोहली, गुरचरण सिंह सहित कई संस्थाओं के पदाधिकारी व अधिकारी उपस्थित रहे।
निबंध प्रतियोगिता और फिल्म प्रदर्शन की तैयारी
ओएसडी ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी में निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रत्येक जिले से 350 विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान एक एलईडी वैन भी साथ चलेगी, जिसमें श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन पर आधारित फिल्म दिखाई जाएगी। जहां संभव हो वहां लाइट एंड साउंड शो भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में ऑनलाइन जुड़े मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने सुझाव दिया कि यात्रा में मंदिर कमेटियों व अन्य वर्गों को भी शामिल किया जाए, ताकि सभी वर्गाें की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
रूट पर सफाई और जनभागीदारी पर जोर
बैठक में हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन के सदस्य मुकेश कुमार ने कहा कि यात्रा मार्ग पर सफाई सुनिश्चित की जाए और कार्यक्रम के बाद भी स्वच्छता बनी रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि यह हरियाणा के लिए गर्व का विषय है कि राज्य सरकार गुरु जी की शहादत को श्रद्धांजलि स्वरूप यात्राएं निकाल रही है। पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि युवाओं को मोटरसाइकिल रैली के रूप में यात्रा में शामिल किया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार गुर्जर ने कैथल-चीका रोड की मरम्मत कराने और संगठन स्तर पर सहयोग का आश्वासन दिया।