संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल हलके में विकास कार्य प्रगति पर हैं। गांव ड्योड खेड़ी स्थित अन्यजन्म तीर्थ का 70 लाख रुपये से जीर्णोद्धार कराया जाएगा। यह जानकारी कैथल विधायक लीला राम ने दी।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार सभी हलकों में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है। कैथल हलके के लिए मुख्यमंत्री ने बहुत बड़े-बड़े प्रोजेक्ट जनता को सौंपने का काम किया है। हलके की सड़कें या तो बन बन चुकी हैं या काम चल रहा है। जल्द ही कैथल हलके की सभी सड़कें चकाचक हो जाएंगी।
जिले के लिए सबसे बड़ी सौगात एक हजार करोड़ रुपये से मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। जल्द ही कार्य अगले महीने शुरू हो जाएगा। विधायक बनते ही उन्होंने सबसे पहले सड़कों का निर्माण करवाया है, जिसमें अकेले मानस गांव की पांच सड़कें हैं। ड्योड खेड़ी के अन्यजन्म तीर्थ पर 70 लाख रुपये से निर्माण कार्य करवाया जाएगा, जिसमें घाटों पर लाल पत्थर रिटेनिंग वॉल और घाट के आसपास पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि सरकार पुरानी धरोहरों को बचाने के लिए दिल खोल करके पैसा दे रही है। हलका कैथल में जितने भी तीर्थ हैं, उन पर जल्दी ही काम शुरु करवाया जाएगा। इस अवसर पर राम कुमार नैन, हरपाल शर्मा, नरेश मित्तल, पवन कसाना, राम सिंह क्योड़क, पार्षद लीलू सैनी, सत्यवान माजरा, कुशल पाल सैन, जग्गा सैनी, सुभाष शर्मा, संदीप शर्मा चौथ, प्रदीप भट्ट व प्रदीप यादव मौजूद रहे।