संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एक महिला से सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया है। इस मामले में थाना साइबर क्राइम प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु की टीम ने जांच करते हुए जिला जींद के डाहोला निवासी आरोपी सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेशकर दो दिन के लिए रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक महिला की शिकायत अनुसार उसकी स्नैपचैट पर सोनू के साथ जान पहचान हुई थी। इसके बाद उनकी बातें इंस्टाग्राम और फेसबुक पर भी होने लगी थी। आरोपी ने उसको अपनी बातों में फंसाकर वीडियो कॉल करके उसकी अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ली और फिर धमकी देकर रुपये की मांग करने लगा।
इसके बाद उसने आरोपी को रुपये दिए लेकिन आरोपी उसे धमकी देकर कहने लगा कि अगर उसने उसे रुपये देने बंद कर दिए तो इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसके बाद दूसरे आरोपित अजय ने भी उसके वाट्सएप पर अश्लील वीडियो भेज दी। वह भी उससे रुपये मांगने लगा और न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। दोनों आरोपित मिलकर उससे 14 लाख 40 हजार रुपये हड़प लिए। रुपये देने के बावजूद आरोपी उसे बार-बार वीडियो वायरल करने की धमकी देते थे।
महिला की शिकायत के बाद थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में पहले ही सतराणा जिला पटियाला पंजाब निवासी आरोपी गांव अजय कुमार को गिरफ्तार
करके जेल में भेजा जा चुका है। आरोपी सोनू को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने उसे व्यापक पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।