संवाद न्यूज एजेंसी,
कैथल/मुलाना (अंबाला)। यमुनानगर के साढौरा में 13 सितंबर को इमिग्रेशन सेंटर संचालक के घर पर हुई फायरिंग के आरोपी को फर्जी आईडी पर ठहराने के मामले में मुलाना पुलिस ने डायमंड होटल के संचालक कैथल के कोलेखां गांव निवासी अक्षय कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी अक्षय को न्यायालय में पेशकर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।
इस मामले में डीएसपी बराड़ा सुरेश शर्मा और थाना प्रभारी मुलाना प्रमोद राणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि साढौरा फायरिंग केस का मुख्य आरोपी पंचकूला के बरवाला निवासी आदित्य थापर मुलाना स्थित डायमंड होटल में ठहरा हुआ था। आरोपी को तरुण शर्मा निवासी गडरिया मोहल्ला मुलाना ने फर्जी आईडी के जरिए होटल में रुकवाया था। डीएसपी सुरेश शर्मा ने कहा कि मामले में होटल मालिक अक्षय कुमार की गिरफ्तारी के बाद अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
थाना प्रभारी प्रमोद राणा ने क्षेत्र के सभी पीजी, होटल और लॉज संचालकों से अपील की कि किसी को ठहराने से पहले उसकी पहचान व दस्तावेजों की सही तरीके से जांच करें। उन्होंने कहा कि फर्जी आईडी पर कमरा देने या बिना रिकॉर्ड रखे मेहमानों को ठहराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।