संवाद न्यूज एजेंसी
पाई। गेहूं की फसल आने में लगभग दो से ढाई महीने का समय रह गया है, जिस कारण किसानों ने हरियाणा सरकार से मांग की है कि आने वाले सीजन में गेहूं में नमी की मात्रा को बढ़ाया जाए।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सलाहकार अजीत सिंह हाबड़ी एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बलवान पाई ने बताया कि पुरानी सरकारों ने किसानों की गेहूं खरीदने में नमी की मात्रा की स्थिति 12 प्रतिशत तय की हुई है। उन्होंने कहा कि उस समय गेहूं की कटाई हाथ से होती थी और मशीनों के द्वारा निकली जाती थी। उन्होंने कहा कि अब समय बदल गया है। एक भी किसान अपनी फसल हाथ से नहीं कटवाता। अब तो कंबाइन से कटाई करवाई जाती है।
उन्होंने कहा कि इस वजह से फसल में नमी की मात्रा ज्यादा रहती है और मंडियों में ऐसी स्थिति में किसानों को अपनी फसल ले जाकर बेचने में काफी परेशानी होती है। उन्होंने सरकार से मांग की है की गेहूं में अब खरीद करते समय नमी की मात्रा 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की जाए ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी न आए।